
धीरज शर्मा।जनपद देहरादून से सस्ते में अमेरिकी डॉलर दिलाने के नाम पर डकैती का मामला सामने आया है।इसमें 3 पुलिसकर्मियों सहित कुल 9 आरोपियों को दून पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामला प्रेमनगर का है, जहां आरोपियों ने पीड़ित को सस्ते में डॉलर दिलाने का झांसा देकर अपने जाल में फंसाया और फिर उसके पैसे छीन कर फरार हो गए। इस वारदात में तीन पुलिसकर्मी भी शामिल बताए जा रहे हैं। इस मामले के दो मास्टर माइंड को रुड़की से अरेस्ट किया गया है। जिनके नाम हसीन और प्रेम प्रकाश को रुड़की से अरेस्ट किया है।इनसे नकली डॉलर की दो गड्डियां भी बरामद की गई हैं. इनके पास से सिर्फ चार डॉलर नोट असली थे, बाकी सभी नकली डॉलर थे। एसएसपी अजय सिंह ने बताया है आरोपी स्कैन करके नकली डॉलर बनाया करते थे। आपको बताते चलें कि, बीती दो फरवरी को पीड़ित यशपाल सिंह असवाल (निवासी ऋषिकेश) ने थाना प्रेम नगर में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वो प्रॉपटी का काम करते हैं और कुछ समय पहले उनकी मुलाकात कुंदन नेगी निवासी चमोली से हुई थी। कुंदन नेगी ने उनको बताया कि उसके परिचित राजेश रावत, राजेश चौहान और राजकुमार चौहान निवासी मोरी उत्तरकाशी के पास करीब 20,000 अमेरिकी डॉलर रखे हुए हैं, जिन्हें वो कम दाम में बदलवाना चाहते हैं। ऐसा कहकर पीड़ित को विश्वास में लेकर डॉलर का सौदा करीब आठ लाख रुपए में तय हुआ।31 जनवरी 2025 को कुंदन नेगी के कहने पर पीड़ित यशपाल सिंह असवाल डॉलर का सौदा करने 7 लाख 50 हजार की रकम लेकर बालाजी मंदिर झाझरा के पास पहुंचा। यहां उन्हें राजेश रावत, राजेश चौहान, राजकुमार चौहान और एक अन्य व्यक्ति हसीन उर्फ अन्ना मिला।आपस में बात करने के दौरान अचानक वहां अन्य दो व्यक्ति भी आ गए, जो अपने आप को पुलिस वाला बताने लगे। इनमें एक व्यक्ति वर्दी में था और एक सादे कपड़ों में था।इन लोगों ने पीड़ित को डरा धमकाकर उसके पास रखा रुपयों का बैग छीन लिया और मारपीट व गाली गलौज कर उसे वहां से भगा दिया। जाते समय इन्होंने पीड़ित को ढाई लाख रुपए वापस कर दिए थे। पीड़ित की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ थाना प्रेमनगर में मुकदमा दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि कल तक 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। आज दो मेन मास्टरमाइंड को रुड़की से गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से नकली डॉलर की गड्डियां मिली हैं, जो दिखाकर लोगों को झांसे में लेकर उनसे पैसे लिया करते थे। इन पर संबंधित धाराओं में डकैती में मुकदमा दर्ज किया गया है। 2 लाख 30 हजार रुपए की रिकवरी हो चुकी हैं। 2 गड्डियां और 500 डॉलर इसमें बरामद हुए हैं।100 डॉलर के नोट हैं जिसमें 4 डॉलर असली है।बाकी सभी नकली डॉलर की गड्डियां थीं। आरोपी असली डॉलर दिखाकर यकीन दिलाते थे कि उनके पास डॉलर हैं जिन्हें वो बदलवाना चाहते हैं। ऐसा झूठ इसलिए बोला जाता था ताकि कोई व्यापारी या कोई अन्य कोई इनके झांसे में आ जाए और उसे ये अपना शिकार बना लें।इसमें कुल 9 लोग शामिल थे, सभी को गिरफ्तार कर लिया गया है। अब्दुल रहमान तैनाती-IRB-II झाझरा प्रेमनगर देहरादून,सालम तैनाती- IRB-II झाझरा प्रेमनगर देहरादून,इकरार तैनाती- थाना प्रेमनगर देहरादून,राजकुमार,राजेश रावत,कुंदन सिंह नेगी,और राजेश कुमार चौहान को गिरफ्तार किया गया है। इसी के साथ हसीन और प्रेम प्रकाश को रुड़की से गिरफ्तार किया है।थाना प्रेमनगर प्रभारी गिरीश नेगी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाना प्रेमनगर स्तर से पुलिस टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों को चेक किया और घटना में शामिल तीन पुलिसकर्मियों सहित कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।जिसके बाद पुलिस ने अन्य दो आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया है।9 गिरफ्तारी मामले में अब तक हो चुकी है। इनके कब्जे से दो लाख तीस हजार रुपये नकद और 500 डॉलर बरामद किए गए हैं।