
धीरज शर्मा।हरिद्वार के आर्यनगर क्षेत्र (गाजीवाली) में सुबह सवेरे एक मकान में रहस्यमयी ढंग से जोरदार ब्लास्ट होने से हड़कंप मच गया। धमाका इतना जोरदार था कि मकान की दीवारें तक गिर गईं, जिसके कारण अंदर मौजूद पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की पड़ताल की। फिलहाल पुलिस घटना की जांच में जुटी हुई है। नगर पुलिस अधीक्षक पंकज गैरोला का कहना है कि ब्लास्ट के कारणों का जल्द ही पता लगा लिया जाएगा।मिली जानकारी के अनुसार हरिद्वार के आर्यनगर (गाजीवाली) क्षेत्र में अल सुबह एक मकान में रहस्यमयी ढंग से ब्लास्ट के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।आसपास के लोग भी धमाके की आवाज सुनकर घरों से बाहर निकल आए।घायल हुए पांच लोगों को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है और फॉरेंसिक टीम सबूत जुटाने में लगी हुई है। नगर पुलिस अधीक्षक पंकज गैरोला ने भी घटनास्थल पर पहुंच कर घटना की जानकारी ली।फिलहाल ब्लास्ट के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस टीम विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।चौंकाने वाली बात यह है कि घर में रखे सिलेंडर सुरक्षित बताए जा रहे हैं, जिससे सिलेंडर फटने की आशंका कम हो गई है।