बबराला, संभल। डी.ए.वी. फर्टिलाइज़र पब्लिक स्कूल, बबराला, संभल में 79वां स्वतंत्रता दिवस बड़े उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रभातफेरी से हुई, जिसमें एनसीसी कैडेट्स, स्काउट-गाइड, शिक्षक और छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर नगर भ्रमण किया और देशभक्ति गीतों व नारों से वातावरण गूंजा दिया।
मुख्य समारोह विद्यालय के खेल मैदान में आयोजित हुआ, जहाँ विद्यालय के चेयरमैन एवं यारा फर्टिलाइज़र फैक्ट्री के उपाध्यक्ष श्री एम. एस. प्रसाद ने ध्वजारोहण किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि यह हमें उन महान बलिदानों की याद दिलाता है जिनकी बदौलत हमें यह आज़ादी मिली। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने जीवन में सत्य, ईमानदारी और परिश्रम को अपनाकर देश के विकास में योगदान दें। उन्होंने बताया कि आज भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और स्टार्टअप, नवाचार, नवीकरणीय ऊर्जा तथा आत्मनिर्भर भारत अभियान में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। श्री प्रसाद ने यह भी कहा कि हमारा विद्यालय पिछले 25 वर्षों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और नैतिक मूल्यों के साथ राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने सभी को यह संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया कि वे अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्टता लाकर भारत को और भी सशक्त व समृद्ध बनाएंगे।
फैक्ट्री कमांडर श्री कुलदीप सिंह के नेतृत्व में एनसीसी, स्काउट-गाइड और यारा फर्टिलाइज़र फैक्ट्री के सुरक्षाकर्मियों द्वारा भव्य परेड का प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर उत्कृष्ट सेवा के लिए यारा कर्मियों, एनसीसी, स्काउट-गाइड के श्रेष्ठ प्रतिभागियों तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। सस्टेनेबिलिटी वीक, वर्ल्ड एनवायरनमेंट डे 2025, वर्ल्ड वाटर डे एवं वाटर सस्टेनेबिलिटी वीक 2025 के अंतर्गत आयोजित ड्रॉइंग एवं कोलाज प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया।
विद्यालय सभागार में प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों में देशभक्ति गीत, समूह नृत्य और शहीद नेत्रपाल के जीवन पर आधारित नाटक ने सभी को भावविभोर कर दिया। इस अवसर पर शहीद नेत्रपाल जी के परिजनों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिससे पूरे वातावरण में गर्व और भावनाओं की लहर दौड़ गई। समारोह में यारा फर्टिलाइज़र फैक्ट्री के वरिष्ठ अधिकारी, विशिष्ट अतिथि, शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
