
सिद्धार्थ त्रिपाठी (हरिद्वार)। हरिद्वार पुलिस ने तीन करोड़ 20 लाख रुपए की धोखाधड़ी के मामले में मास्टरमाइंड को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का नाम कुमार प्रसून है, जिसने एक व्यापारी के साथ रिलायंस सेटअप बॉक्स का डिस्ट्रीब्यूटर बनाने के नाम पर ठगी की थी। पीड़ित व्यापारी ने साल 2021 में हरिद्वार के बहादराबाद थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
हरिद्वार एस.एस.पी. प्रमेंद्र डोभाल ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि बहादराबाद थाना क्षेत्र के प्रतिष्ठित व्यापारी अमित सैनी ने साल 2021 में पुलिस को शिकायत दी थी कि आरोपियों ने खुद को रिलायंस कंपनी का अधिकारी बताकर उनके संपर्क किया था और उन्हें विश्वास में लेकर उत्तराखंड का डिस्ट्रीब्यूटर बनाने की बात कही थी।
एस.एस.पी. के अनुसार इस ठगी के मास्टरमाइंड कुमार प्रसून ने खुद को रिलायंस कंपनी का टेक्निकल हेड बताया था। कुमार प्रसून ने अश्विनी चौबे, तरनजीत सिंह और प्रशांत संगल के साथ मिलकर यह साजिश रची। इतना ही नहीं आरोपियों ने रिलायंस सेटअप बॉक्स का हेडक्वार्टर बनाने के लिए व्यापारी अमित सैनी से एक इमारत का निर्माण भी कराया था, लेकिन पैसे मिलने के बाद सभी आरोपी फरार हो गए।
साल 2021 में बहादराबाद पुलिस ने मामला दर्ज होने के बाद जांच शुरू की। इसमे आरोपी तरनजीत सिंह और प्रशांत संगल को गिरफ्तार कर न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया गया था। इसके बाद मास्टरमाइंड कुमार प्रसून फरार हो गया था, जिसके खिलाफ 2022 में गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ।
एस.एस.पी. प्रमेन्द्र डोभाल ने कुमार प्रसून की गिरफ्तार के लिए 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। बहादराबाद थाना पुलिस ने गहन जांच और सर्विलांस के जरिए उसे एम्स दिल्ली के पास से गिरफ्तार कर लिया है।